bell-icon-header
भोपाल

संस्कृति और विरासत में बढ़ी पर्यटकों की रुचि, भोपाल में संग्रहालयों में फिर लौटी रौनक

जनजातीय संग्रहालय में 1000 तो मानव संग्रहालय में प्रतिदिन पहुंच रहे 400 विजिटर्स

भोपालAug 23, 2021 / 11:26 pm

hitesh sharma

भोपाल। अनलॉक के बाद अब धीरे-धीरे शहर के संग्रहालय फिर गुलजार होने लगे हैं। इतिहास और परम्पराओं से रू-ब-रू होने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। पहले राज्य संग्रहालय, मानव संग्रहालय और जनजातीय संग्रहालय में जहां एक दिन में 20 से 25 लोग विजिट करने पर पहुंचते थे वहीं अब 150 से 200 विजिटर्स तक आ रहे हैं। यहां कोरोना प्रोटोकॉल के तहत इन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। हर एक घंटे बाद विजिटर्स की एंट्री रोककर परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है।

देशज कलाओं को जान रहे पर्यटक

जनजातीय संग्रहालय के संग्रहालय के क्यूरेटर अशोक मिश्रा ने बताया कि संग्रहालय में पहले जैसी रौनक लौट आई है। सामान्य दिनों में 150 से 200 विजटर्स यहां आ रहे हैं जबकि छुट्टी के दिनों में यह संख्या से 1000 तक पहुंच रही है। यह संग्रहालय मध्यप्रदेश की जनजातीयों पर आधारित है। पर्यटक यहां आकर देशज परम्पराओं को जानकर उनसे जुड़ रहे हैं। भारत भवन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी प्रेम शंकर शुक्ला ने बताया कि भारत भवन बड़े तालाब के निकट होने से इसकी सुंदरता और भी बढ़ जाती है। हमने अपने कलेक्शन से करीब 4 हजार पेंटिंग्स को ऑनलाइन किया है। लॉकडाउन में देश-विदेश के पर्यटकों ने इस नायाब कलेक्शन को देखा। अब वे इसे करीब से जानने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। यहां के पुस्तकालय में भी 500 से ज्यादा पुस्तकों का यूनिक कलेक्शन है।

मानव संग्रहालय: ऑनलाइन प्रदर्शनी से जोड़ा
मानव संग्रहालय के पीआरओ अशोक शर्मा ने बताया कि हमने पहले से ही विजिटर्स को ऑनलाइन प्रदर्शनी के माध्यम से जोड़े रखा था। संग्रहालय खुलने से शहरवासियों का रूझान देश की संस्कृति और विरासत को देखने में बढ़ा है। पिछले कुछ दिनों से संग्रहालय में पर्यटकों की संख्या 400 के पार तक पहुंच रही है। पहले यह संख्या 100 के आस-पास ही होती थी। खुला परिसर होने से विजिटर्स यहां सुरक्षित महसूस करते हैं। वहीं, स्टेट म्यूजियम के उप संचालक प्रकाश परांजपे ने बताया कि अनलॉक के बाद भी अभी लोगों में कोरोना की दहशत है लेकिन विजिटर्स पुरातत्व विरासत देखने में खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसमें युवाओं की संख्या ज्यादा है। यहां वे यूथ भी पहुंच रहे हैं, जिन्हें इस क्षेत्र में कुछ करने की इच्छा है। 40 से 45 पर्यटक यहां इतिहास से रू-ब-रू होने आ रहे हैं। यहां प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है।

Hindi News / Bhopal / संस्कृति और विरासत में बढ़ी पर्यटकों की रुचि, भोपाल में संग्रहालयों में फिर लौटी रौनक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.