कुम्हेर में किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर लगाया जाम
कुम्हेर. कस्बे में सौंख रोड पर स्थित अनाज मंडी में आढ़तियों के खिलाफ किसानों का गुस्सा फूटने से किसानों ने सौंख तिराहा और भरतपुर रोड पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। जाम से भरतपुर व सौंख रोड पर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंचे पूर्व केबिनेट मंत्री एवं विधायक विश्वेन्द्र सिंह ने प्रदर्शन कर रहे किसानों से समझाइश कर जाम खुलवाया और वाहनो का आवागमन चालू कराया। इस दौरान विधायक सिंह ने कहा कि कृषि उपज मंडी में आढ़तियों द्वारा तोलमाप में तय सीमा से अधिक फसल ली जा रही है तथा वहीं सरसों लैब द्वारा भी धांधली की जा रही हैं। सरसों के एक सैंपल की अलग अलग रिपोर्ट निकलकर आने, मंडी भाव दोपहर बाद बताने आदि मांगों को लेकर किसानों ने मंडी परिसर में ही विरोध प्रदर्शन कर बाहर रोड़ पर जाम लगा दिया। किसानों ने बताया कि कुम्हेर मंडी में सरसों की कीमत प्रति क्विंटल भरतपुर की मंडी से कम दी जा रही है। किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक सिंह ने कहा कि अन्नदाता द्वारा मेहनत कर फसल पैदा की जाती है। किसान के साथ अन्याय कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।