दूल्हे की मौजूदगी में मनचले ने दुल्हन की मांग में भरा सिंदूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोइरौना थाना क्षेत्र के सीमावर्ती एक गांव में जौनपुर जिले के मुगरा बादशाहपुर रामचौकी निवासी निलेश बिंद के यहां से बारात आई थी। देर रात गाजे बाजे के साथ दुल्हन के घर बारात पहुंची। कन्या पक्ष के लोग बारातियों के स्वागत सत्कार में लगे हुए थे। द्वार चार का कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जयमाल के कार्यक्रम के दौरान देर रात वर वधु पक्ष के लोगों द्वारा आशीर्वाद का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच दुल्हन के भाई का साला मिर्जापुर निवासी स्टेज पर चढ़ कर मांग में सिंदूर भर दिया। ऐसा होता देख मंडप में बैठा हर कोई अचंभित रह गए।
बैरंग लौट गई बारात, नहीं काम आई लड़की पक्ष की दुहाई
लड़की पक्ष के लोगों ने मनचले युवक को मारपीट कर वहां से भगा दिया। दूसरी तरफ यह दृश्य देख दूल्हा पक्ष के लोग नाराज हो गए। वहीं काफी समझाने बुझाने के बाद भी वे किसी हाल में शादी को तैयार नहीं हुए। जिसके बाद बारात बैरंग लौट गयी। आसपास के लोगों ने बताया कि संबंधित थाना क्षेत्र से पुलिस भी पहुंची। लेकिन परिजनों के इज्जत की दुहाई देने पर पुलिस वापस लौट गई।