bell-icon-header
बस्सी

विधानसभा चुनाव 2023: मतदान में बराबरी फिर भी जयपुर की 19 सीट पर सिर्फ 4 महिलाओं को मिला मौका

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023: चुनावी रण में प्रत्याशियों के बीच प्रचार का चल रहा घमासान

बस्सीNov 16, 2023 / 06:12 pm

vinod sharma

मतदान में बराबरी फिर भी जयपुर की 19 सीट पर सिर्फ 4 महिलाओं को मिला मौका

राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर प्रत्याशी जीत के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। जिले की 19 विधानसभा में भाजपा व कांग्रेस के 34 पुरुष प्रत्याशी और 4 महिला प्रत्याशी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। सरकार चुनने को लेकर चुनावी रण में उतरे प्रत्याशियों के बीच प्रचार का घमासान चल रहा है। 25 नवंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। यहां जिले की 19 विधानसभा सीटों पर भाजपा व कांग्रेस ने महज 4 सीट पर नारी शक्ति को मौका दिया है। इनमें कांग्रेस ने 3 और भाजपा ने 1 महिला प्रत्याशी पर विश्वास जताया है। जबकि मतदाताओं का आंकड़ा देखा जाए तो पुरुषों एवं महिला मतदाताओं में महज सवा 2 लाख का अंतर है। जिले की 19 विधानसभा सीट पर कुल मतदाता 50 लाख 95 हजार 286 हैं, जिनमें पुुरुष मतदाता 26 लाख 59 हजार 326 और महिला मतदाता 24 लाख 35 हजार 960 है। जयपुर जिले की 19 सीट पर कांग्रेस ने 15 प्रतिशत से अधिक तो भाजपा ने 5 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को टिकट दिया है। पुरुषों को कांग्रेस ने 84 फीसदी व भाजपा ने 94 फीसदी से अधिक टिकट देकर मैदान में उतारा है। जबकि चुनाव लड़ने के लिए करीबन 100 महिलाएं टिकट की कतार में रही है।
जयपुर शहर में 3 और ग्रामीण में 1 महिला प्रत्याशी मैदान में….
19 विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी ने मालवीय नगर से डॉ. अर्चना शर्मा, बगरू से गंगा देवी और जयपुर ग्रामीण की चौमूं विधानसभा से डॉ. शिखा मील बराला को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने जयपुर शहर की विद्याधर नगर से सांसद दीयाकुमारी को मैदान में उतारा है।
2018 में महज 2 महिलाओं को मिला था टिकट….
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव को देखा जाए तो 19 में से 2 सीट पर ही महिला उम्मीदवार थी। जिनमें कांग्रेस ने बगरू व मालवीय नगर से महिला प्रत्याशी मैदान में उतारे थे।
महिला प्रत्याशी के आंकड़ों पर एक नजर….
—बगरू: गंगा देवी (कांग्रेस)
—मालवीय नगर : डॉ.अर्चना शर्मा (कांग्रेस)
—चौमू: डॉ.शिखा मील बराला (कांग्रेस)
—विद्याधर नगर : दीयाकुमारी (भाजपा)

Hindi News / Bassi / विधानसभा चुनाव 2023: मतदान में बराबरी फिर भी जयपुर की 19 सीट पर सिर्फ 4 महिलाओं को मिला मौका

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.