सिटी स्टेशन रोड के पास रहने वाली महिला ने बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। घर के पास एक किराए की दुकान में चाय पकौड़ी बेचकर परिवार का पालन पोषण करती है। उनकी बेटियां मदद करती है। एक साल पहले नैनीताल के काठ गोदाम निवासी अक्कू रस्तोगी ने पत्नी सीमा के साथ उनकी दुकान पर चाय नाश्ता किया था। इसके बाद विधवा की दिव्यांग बेटी (22) का अपने बेटे सागर के लिए रिश्ता मांगा। विधवा ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह अपनी बिरादरी में शादी करेंगी। इसके बाद दंपति का दुकान पर आना जाना शुरू हो गया।
काठगोदाम पहुंची मां को मिली धमकी आरोप है कि वह दुकान पर ताबीज फेंक जाते थे। तंत्र मंत्र से उन्होंने दिव्यांग लड़की को अपने वश में कर लिया। 18 नवंबर को वह लड़की को मार्केट घुमाने के बहाने अगवा कर ले गए। जब बेटी घर नहीं लौटी तो मां को चिंता सताने लगी। घर जाकर पता चला कि लड़की आरोपियों के कहने पर घर में रखा जेवर कैश अपने साथ ले गई है। काठगोदाम पहुंचने पर पता चला कि आरोपियों ने उनकी बेटी को कैद कर रखा है। बेटी के बारे में पूछने पर आरोपियों ने जान से मार डालने की धमकी देकर भगा दिया। एसएसपी के निर्देश पर किला पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।