bell-icon-header
बारां

राम आ गए : ऐसा लगा जैसे दीपावली आ गई, जमकर हुई आतिशबाजी, घर-घर जले दीपक

शहर समेत जिलेभर में सुबह से रात तक छाया रहा उल्लास और उमंग
 

बारांJan 22, 2024 / 11:42 pm

mukesh gour

राम आ गए : ऐसा लगा जैसे दीपावली आ गई, जमकर हुई आतिशबाजी, घर-घर जले दीपक

अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत सोमवार को सुबह से ही लोग उत्साह व उल्लास में सराबोर रहे। सुबह मंदिरों में देव दर्शनों के बाद शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाई गई बड़ी स्क्रीन पर लोगों ने अयोध्या कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख पूजा-अर्चना की। शाम को लोगों ने घरों को दीपकों से सजाया तो युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। शहर के सभी मंदिरों को रामजी के आगमन के स्वागत में सजाया गया। प्यारेरामजी मंदिर तथा श्रीजी मंदिर समेत सभी मंदिरों पर सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। इस दौरान प्रसाद वितरण भी हुआ तो कई जगह भण्डारों का आयोजन भी हुआ। सदर बाजार स्थित हनुमानजी की बावड़ी पर भी भण्डारे का आयोजन किया गया।
शहर में इस अवसर पर बंकट व्यायाम शाला तथा श्रीजी भक्त मण्डल की ओर से रामजी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्रीजी मंदिर से शुरु हुई जो सब्जी मंडी, इन्द्रा मार्केट, प्रताप चौक, मेन मार्केट, धर्मादा चौराहा, सदर बाजार चौमुखा बाजार होते हुए श्रीजी चौक पहुंची। शोभायात्रा में महिला पुरुष उत्साह से नाचते-गाते चल रहे थे। शंकर-हनुमान बने कलाकार भी शामिल रहे।
घर-घर हुए रोशन

शहर में इस अवसर पर मंदिरों पर दीपकों से सजावट की गई। घर-घर दीपक जलाकर रामजी की अगवानी की गई। कोटा रोड स्थित खेल संकुल पर भी खिलाडिय़ों व शारीरिक शिक्षकों ने 5100 दीपकों से संकुल को जगमग किया। शहर में दीपावली जैसा माहौल रहा। शहर में कई जगह रामायण व सुन्दरकाण्ड के पाठ, कई जगह हनुमान चालीसा पाठ किया गया। रात में दीपावली की तरह आतिशबाजी की गई। इससे आसमान सतरंगी रोशनी से नहा गया।
…जैसे ही छवि देखी, नतमस्तक हुए

कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। जहां पर लोगों ने सुबह 12 बजे से शुरु हुए कार्यक्रम को अपलक देखा। इस दौरान रामजी के विग्रह की पूजा अर्चना के बाद जैसे ही आंखों की पट्टी हटाई तो लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। सीधे प्रसारण के दौरान प्रताप चौक पर लगाई गई बड़ी स्क्रीन के सामने कई श्रद्धालुओं ने हाथ जोडकऱ नमन किया।

Hindi News / Baran / राम आ गए : ऐसा लगा जैसे दीपावली आ गई, जमकर हुई आतिशबाजी, घर-घर जले दीपक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.