scriptरेलवे ट्रैक पर भूस्खलन, पेड़ गिरने से छह घंटे बाधित रहा रेल यातायात, कर्नाटक-गोवा सीमा पर घटना | Patrika News
बैंगलोर

रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन, पेड़ गिरने से छह घंटे बाधित रहा रेल यातायात, कर्नाटक-गोवा सीमा पर घटना

दक्षिण पश्चिम रेलवे के दूधसागर-सोनौलिम रेलखंड के बीच गुरुवार देर रात भूस्खलन और लोंडा और तिनैघाट के बीच एक पेड़ गिरने से ओवरहेड बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस कारण कुछ घंटों के लिए ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा।

बैंगलोरJul 26, 2024 / 11:11 pm

Sanjay Kumar Kareer

rail-landslide
बेंगलूरु. कर्नाटक-गोवा सीमा के करीब दक्षिण पश्चिम रेलवे के दूधसागर-सोनौलिम रेलखंड के बीच गुरुवार देर रात भूस्खलन और लोंडा और तिनैघाट के बीच एक पेड़ गिरने से ओवरहेड बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस कारण कुछ घंटों के लिए ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा। जिस जगह यह भूस्खलन हुआ, वहां से कुछ ही देर बाद एक यात्री गाड़ी गुजरने वाली थी।
दक्षिण-पश्चिम रेलवे के एक बयान में कहा गया है कि दोनों घटनाएं गुरुवार देर रात 12:55 बजे हुईं। बयान में कहा गया है कि ट्रेन संख्या 17310 वास्को-यशवंतपुर एक्सप्रेस रात एक बजे सोनौलिम पहुंची थी। ट्रैक बाधित होने के कारण उसे वापस कुलेम स्टेशन (गोवा) भेज दिया गया। जबकि ट्रेन संख्या 17419 को रात 1:40 बजे लोंडा में रोक दिया गया।
बयान के अनुसार ट्रेन संख्या 17309 को देर रात 1:55 बजे अलनावर और ट्रेन संख्या 12780 को देर रात 1:35 बजे बेलगावी स्टेशन (दोनों कर्नाटक में) पर रोका गया। वास्को-जसीडीह एक्सप्रेस (17321) को शुक्रवार सुबह 7:50 बजे वास्को से रवाना होने के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और मौके पर रवाना हो गए। हुब्बल्ली के मंडल रेल प्रबंधक हर्ष खरे भी मौके पर पहुंचे और ट्रैक बहाली कार्य की देखरेख की। कैसल रॉक स्टेशन से ट्रैक बहाली के लिए कर्मचारियों और सामग्री को मौके पर भेजा गया।
रेलवे के बयान के अनुसार दूधसागर और सोनाैलिम सेक्शन के बीच भूस्खलन को साफ कर दिया गया। लोंडा-तिनईघाट के बीच गिरे उस पेड़ को भी हटा दिया गया, जो ट्रैक को बाधित कर रहा था। ट्रैक को फिट प्रमाणित कर सामान्य ट्रेन यातायात के लिए खोल दिया गया। पटरियों से मलबा और पेड़ हटाने के बाद ट्रेन संख्या 17419 को सुबह 6 बजे लोंडा से और ट्रेन संख्या 17309 सुबह 6:05 बजे अलनावर से रवाना किया।

Hindi News/ Bangalore / रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन, पेड़ गिरने से छह घंटे बाधित रहा रेल यातायात, कर्नाटक-गोवा सीमा पर घटना

ट्रेंडिंग वीडियो