बैंगलोर

जागृत आत्माएं करती हैं समय का सदुपयोग: आचार्य विमलसागर

आदिश्वर वाटिका में प्रवचन

बैंगलोरJun 28, 2024 / 03:30 pm

Santosh kumar Pandey

मैसूरु. आचार्य विमलसागर सूरीश्वर ने कहा कि जीवन अनिश्चितताओं से भरा लंबा यात्रा-पथ है। यहां किसी के जीवन में कुछ भी घटित हो सकता है। हमारे मन का सोचा हुआ सब सार्थक होगा, यह मानकर चलना बहुत बड़ी भूल है। इसीलिए अच्छे अवसरों का लाभ उठाने का भरपूर प्रयत्न करना चाहिए। जीवन की सफलता का यही मूलमंत्र है।
आचार्य नजरबाद स्थित आदिश्वर वाटिका में श्रद्धालुओं की विशाल धर्मसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समय किसी की प्रतीक्षा नहीं करता। जागृत आत्माएं समय का सदुपयोग कर लेती हैं। जो प्रमाद या आलस्य में जीती हैं, वे अच्छी संभावनाओं को समाप्त कर देती हैं। प्रस्तावित वर्षावास आपके लिए ज्ञानार्जन और साधना का स्वर्णिम उपहार है। यह मात्र धार्मिक क्रियाओं का आयोजन नहीं, सम्पूर्ण जीवन विज्ञान है। समय बताएगा कि वर्षावास को आपने अपने लिए हीरा बनाया या कंकर। इससे पूर्व आचार्य विमलसागर सूरीश्वर और गणि पद्मविमलसागर अपने शिष्यों के साथ जे.एस.एस. डेंटल कॉलेज से विहार कर वाटिका पहुंचे। श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत- अभिवादन किया। बड़ी संख्या में भक्तगण आचार्य के साथ पदयात्रा में सम्मिलित हुए। कल्याण मित्र वर्षावास समिति के कांतिलाल चौहान ने बताया कि वर्षावास को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

Hindi News / Bangalore / जागृत आत्माएं करती हैं समय का सदुपयोग: आचार्य विमलसागर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.