धीमी चल रही धान खरीदी
जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि आने वाले दो-तीन दिनों के भीतर या फिर इस सप्ताह के अंत तक लिमिट बढ़ाने का फैसला आ सकता है। अभी धान खरीदी धीमी चल रही है। अभी भी 80 हजार से अधिक किसान धान बेचने के लिए बाकी हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने जिले के 143 धान खरीदी केंद्रों से प्रतिदिन 2 लाख 17 हजार क्विंटल धान की खरीदी करने पत्र लिखा है।
जिले के धान खरीदी केंद्रों में बढ़ रहा दबाव
जिले के हर खरीदी केंद्रों को प्रतिदिन की एक लिमिट दी गई है। इससे किसान नाराज हैं। किसानों की मांग है कि धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जाए, जिससे बचे दिनों में सभी किसानों से खरीदी हो सके, लेकिन धान की आवक के हिसाब से परिवहन धीमा होने के कारण केंद्रों में दबाव बढ़ता जा रहा है।
नमीयुक्त धान किया जा रहा रिजेक्ट
जिन किसानों के धान में नमी है, उसे किसान सुखा रहे हैं, जिससे उनका धान रिजेक्ट न हो। इसलिए पहले से तैयारी कर रही है। किसान खरीदी केंद्रों में धान सुखा रहे हैं। बीते दिनों हुई बारिश से धान भीग गया था, जिससे धान में नमी पाई गई।
आज भी कई किसानों ने टोकन नहीं कटाया
धान खरीदी की बात करें तो कई किसान ऑफलाइन टोकन कटा रहे हैं। कई किसान तो ऑनलाइन टोकन कटा रहे हैं, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल में कई बार टोकन नहीं कट रहा है। कई बार नेटवर्क प्रॉब्लम आ रहा है।
लिमिट बढ़ाने शासन को पत्र लिखा है
बालोद जिला खाद्य अधिकारी टीएल ठाकुर ने कहा कि धान खरीदी लिमिट बढ़ाने शासन को पत्र लिखा है। उम्मीद है जल्द ही अनुमति मिल जाएगी। इसके बाद तेज गति से खरीदी की जाएगी। जनवरी में धान खरीदी के लिए रिजर्व दिन भी रखा गया है।