बालाघाट

घर में सो रहे व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर की हत्या

पुलिस चौकी किन्ही के साकरीटोला गांव की घटना

बालाघाटJan 01, 2023 / 09:57 pm

Bhaneshwar sakure

घर में सो रहे व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर की हत्या

बालाघाट/किरनापुर. जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के किन्ही पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत ककोड़ी के ग्राम बोरवन के साकरी टोला गांव में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सदाराम सिरसाम (64) पूर्व वन समिति अध्यक्ष था। हमलावरों ने कनपटी में गोली मारी है। घटना की सूचना रविवार की सुबह परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई की। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस नक्सली और गैर नक्सली दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात्रि परिवार के सभी 6 सदस्य सोए हुए थे। रात्रि 12 बजे से सुबह के 6 बजे की बीच अज्ञात लोगों ने सदाराम की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार की सुबह सदाराम के भाई की पत्नी पार्वती बाई सबसे पहले जागी। जिसने अपने जेठ सदाराम को मृत हालत में देखा। जिसके कनपटी पर गोली लगी होने से शव रक्त रंजित हालत में था। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि रात्रि 12 बजे के बाद न तो किसी के आने की आहट मिली और न ही गोली चलने की आवाज आई।
नक्सली, गैर नक्सली दोनों एंगल से कर रही जांच
लांजी एसडीओपी दुर्गेश आर्मो ने बताया कि पुलिस इस मामले में दोनों ही एंगल से जांच कर रही है। घटना स्थल पर किसी भी तरह का नक्सली पर्चा या साक्ष्य नहीं मिले हंै। जिसके चलते पुलिस दोनों ही एंगल से मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इनका कहना है
बोरवन साकरीटोला गांव में अज्ञात लोगों ने सदाराम सिरसाम की गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या नक्सलियों ने की है या अज्ञात लोगों ने, इस मामले की जांच कर रहे हैं। मृतक पुलिस का मुखबिर नहीं था।
-दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी, लांजी

Hindi News / Balaghat / घर में सो रहे व्यक्ति की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर की हत्या

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.