आज हो रहा है शनि उदय
शनि का कुंभ राशि में उदय 6 मार्च 2023 की रात 11 बजकर 36 मिनट पर होगा। शनि देव अपनी अस्त अवस्था से निकलकर कुंभ राशि में उदित होंगे। शनि के इस उदय के बाद राशि चक्र की सभी 12 राशियों पर शुभ या अशुभ प्रभाव देखने को मिलेगा। वहीं कुछ राशियों के लिए शनि का यह उदय उनके भाग्योदय का कारण बनेगा।
ये भी पढ़ें : Grah Gochar 2023 : 30 साल बाद बन रहा त्रिग्रही योग, इन राशियों को होली पर मिलने जा रहा है भाग्य का साथ
मेष
इस राशि के लोगों के लिए शनि ग्यारहवें भाव में उदित होंगे। आपका नए लोगों से संपर्क बढ़ेगा। शनि के उदय होने से आपके बिजनेस में वृद्धि देखने को मिलेगी। इस दौरान आपकी इच्छाएं पूरी होंगी। अचानक धन लाभ के योग बन रहे हैं। कार्यक्षेत्र में प्रमोशन या वेतन वृद्धि होने के योग बनेंगे। जो लोग नया बिजनेस शुरू कर रहे हैं, वे भी लाभ में रहेंगे।
वृषभ
वृषभ राशि के लोगों के लिए शनि दसवें भाव में उदित होने जा रहे हैं। शनिदेव वृषभ राशि वालों के लिए योगकारक ग्रह माने गए हैं। शनि के उदय होने से इनके कॅरियर में मजबूती आ सकती है। इस दौरान कार्यक्षेत्र में आपके अधिकारी काम की तारीफ करेंगे। आपको मेहनत का अनुकूल परिणाम मिलेगा। जो लोग बिजनेस करने वाले हैं, उनके बिजनेस में विस्तार और लाभ के योग हैं।
मिथुन
मिथुन राशि के लिए शनि नवे भाव में उदित होने जा रहे हैं। इस अवधि में उच्च शिक्षा में अच्छे परिणाम मिलेंगे। लंबी दूरी की यात्रा पर जाने की योजना बना सकते हैं। इसके अलावा बिजनेस, नौकरी या घूमने के लिए लंबी दूरी की यात्रा या फिर विदेश यात्रा पर जाने के योग बन सकते हैं।
कर्क
कर्क राशि के लोगों को पैतृक संपत्ति से लाभ मिल सकता है। अचानक धन लाभ के योग हैं। शेयर बाजार में निवेश कर रहे हैं तो अलर्ट रहकर करें। जो लोग सरकारी नौकरी में हैं, उन्हें कमाई के नए स्रोत मिलेंगे। जो लोग बिजनेस में हैं, उनको लाभ की संभावना है।
सिंह
सिंह राशि के लोगों के लिए शनि सातवें भाव में उदय होंगे। बिजनेस में मेहनत रंग लाएगी। यदि कोई वैवाहिक जीवन में समस्याओं का सामना कर रहा है, तो इस दौरान सभी समस्याओं से निजात मिल जाएगी। नौकरीपेशा हैं, तो नए अवसर मिल सकते हैं। समाज में मान-सम्मान में भी वृद्धि होगी।
कन्या
शनि देव कन्या राशि के छठे भाव में उदय हो रहे हैं। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों के लिए ये समय अनुकूल रहने वाला है। अपनी मेहनत के बल पर अलग पहचान प्राप्त करेंगे। कोर्ट कचहरी के केस में सफलता मिलेगी। जो लोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें शुभ परिणाम मिल सकते हैं।
तुला
शनि तुला राशि के पांचवे भाव में उदय होने जा रहे हैं। ऐसे में सामाजिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए यह अवधि अनुकूल रहने वाली है। इस दौरान परोपकार और सामाजिक कार्यों में मन लगेगा। इस राशि के लोगों के अपने बच्चों के साथ बेहतर संबंध रहेंगे। यदि बिजनेस कर रहे हैं तो नए सौदे कर सकते हैं। आप नए लोगों के संपर्क में आएंगे, जो बिजनेस विस्तार में सहायक हो सकते हैं।
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के लिए शनि चौथे भाव में उदय होने जा रहे हें। इस अवधि में बिजनेस से जुड़े लोगों को लाभ होगा। आपको अपनी मेहनत का फल मिलेगा। इसके अलावा आप अपनी माता और परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताएंगे। इससे आपके संबंध बेहतर होंगे और आप सुख-सुविधाओं में समय बिताएंगे।
धनु
धनु राशि वालों के लिए शनि तीसरे भाव में उदय होने जा रहे हैं। इस अवधि में आप उन फैसलों पर आगे बढ़ सकते हैं, जिन्हें आप अब तक टालते आ रहे थे। इस दौरान आप अपने शत्रुओं को परास्त करने में सफल रहेंगे। आप पेशेवर जीवन में उन महत्वपूर्ण जोखिमों को उठाने में सक्षम होंगे जो आपके व्यक्तित्व को निखारे। इस अवधि में आपके बात करने का तरीका थोड़ा सख्त हो सकता है। इसलिए वाणी पर नियंत्रण रखना होगा, अन्यथा आपके रिश्ते या दोस्ती प्रभावित हो सकती है।
मकर
शनि देव मकर राशि के दूसरे भाव में उदय होंगे। इस अवधि में शनि आपको कड़ी मेहनत करके अपने जीवन का निर्माण करने के लिए प्रेरित करेंगे। आप अपनी मेहनत से पैसा कमाने में सक्षम होंगे। यदि आप पारिवारिक बिजनेस से जुड़े हैं तो, आप इसे धीरे-धीरे आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। ऐसे में पारिवारिक रीति-रिवाज और परम्पराओं के प्रति आपका झुकाव बढ़ेगा और आप एक अनुशासित व्यक्ति की तरह पेश आएंगे।
कुंभ
शनि देव कुंभ राशि के लग्न भाव में उदित होने जा रहे हैं। शनि का कुंभ राशि में उदय आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार करेगा। यदि आप अभी तक आर्थिक समस्याओं का सामना कर रहे थे तो, इस दौरान आपकी आय का प्रवाह उत्तम रहेगा। आपका व्यक्तित्व प्रभावशाली होगा। आप अपने व्यक्तित्व के विकास पर अधिक ध्यान देंगे और इस दौरान आपका झुकाव अध्यात्म की ओर बढ़ेगा।
मीन
शनि देव आपकी राशि के बारहवें भाव में उदया होंगे। शनि का कुंभ राशि में उदय होने से खर्चों में कमी आएगी। आर्थिक स्थिति सुधरेगी। इस दौरान आप अपने शत्रुओं पर हावी रहेंगे। अपनी बुद्धि से अपना काम निकालने में सफल रहेंगे। आप किसी भी तरह से दूसरों की मदद करने के लिए खुद को तैयार रखेंगे।