bell-icon-header
अशोकनगर

MP Election 2023 : विधायक बनने के बाद कर्जदार हुए ये नेता, 5 साल में दोगुना हुआ कर्जा

MP Election 2023: विधायक बनने के बाद इन विधायकों की संपत्ति तो बढ़ी, लेकिन माननीयों पर कर्जा भी बढ़ा।

अशोकनगरOct 28, 2023 / 05:28 pm

Shailendra Sharma

अशोकनगर. चमचमाती गाड़ियों के काफिले के साथ घूमते जनप्रतिनिधि व उनकी चमक-दमक भले ही दिखती हो, लेकिन विधायक बनने के बाद जिले के तीनों माननीय कर्जदार हो गए। जिन पर कर्जा भी बढ़कर पांच साल में दोगुना व इससे अधिक हो गया है। खास बात यह है कि माननीय तो कर्जदार हुए ही, साथ में उनकी पत्नियां भी कर्जदार हो गई हैं।

विधायक बनते ही कर्जदार हुआ नेताजी
विधानसभा चुनाव के नामांकन साथ जमा किए गए घोषणा पत्र से यह खुलासा हुआ है। वर्ष 2018 के घोषणा पत्र अनुसार विधायक व अशोकनगर भाजपा प्रत्याशी जजपालसिंह जज्जी पर कोई भी ऋण नहीं था, लेकिन 2023 के घोषणा पत्र अनुसार अब उन पर 53.92 लाख रुपए का कर्ज है, यानी पांच साल में वह 53.92 लाख रुपए के कर्जदार हो गए हैं। वहीं राज्यमंत्री व मुंगावली भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्रसिंह यादव पर 2018 में 57.40 लाख रुपए कर्जा था, जो अब बढ़कर 125.99 लाख रुपए हो गया है। वहीं विधायक व चंदेरी कांग्रेस प्रत्याशी गोपालसिंह चौहान पर भी पांच साल में कर्जा 11.59 लाख रुपए से बढ़कर 22.05 लाख रुपए हो गया है।

 

यह भी पढ़ें

MP Election 2023 : एक चुनाव ऐसा भी..जब चुनावी मैदान में उतरे थे 5 महेन्द्र सिंह, मतदाता हो गए थे कंफ्यूज




माननीय से ज्यादा धनवान उनकी पत्नियां
जिले की तीनों विधानसभाओं के भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा 7.51 करोड़ रुपए की संपत्ति चंदेरी भाजपा प्रत्याशी जगन्नाथसिंह रघुवंशी पर है। तो वहीं अशोकनगर कांग्रेस प्रत्याशी हरिबाबू राय से ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नी पर है, हरिबाबू राय पर 92.85 लाख रुपए संपत्ति तो उनकी पत्नी पर 3.42 करोड़ रु.की संपत्ति है, वहीं कर्ज भी पत्नी पर 99.49 लाख रुपए है। मुंगावली कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्रसिंह यादव की पत्नी पर 31.20 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेबर हैं तो वहीं एक रायफल भी उनके पास है।

घोषणा पत्र में कर्ज का दिया गया ब्यौरा-
– जजपालसिंह जज्जी पर बैंक ऑफ बड़ौदा का 2,89,451 रुपए व एसबीआई का 51,02,902 रुपए कर्जा है। यानी जजपालसिंह जज्जी पर पांच साल में 53,92,353 रुपए कर्जा हो गया है।
– बृजेंद्रसिंह यादव पर एचडीएफसी में केसीसी का 32 लाख रु., एसबीआई होम लोन 53.99 लाख रु. और पत्नी पर आइसीआइसीआइ केसीसी का 40 लाख रु. यानी कुल 125.99 लाख रु.कर्जा है।
– गोपालसिंह चौहान पर 2,05,828 रुपए कर्जा है और उनकी पत्नी पर एसबीआइ का 20 लाख रुपए का होम लोन है। यानी पति-पत्नी पर 22.05 लाख रुपए कर्जा है।

यह भी पढ़ें

mp election 2023

: आचार संहिता के बीच भाजपा के राम मंदिर वाले होर्डिंग्स पर गर्माया विवाद, उठी पोस्टर हटाने की मांग

Hindi News / Ashoknagar / MP Election 2023 : विधायक बनने के बाद कर्जदार हुए ये नेता, 5 साल में दोगुना हुआ कर्जा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.