scriptलहरों पर 20 डेक… सात स्वीमिंग पूल, थिएटर और 40 रेस्तरां | 20 decks on the waves... seven swimming pools, theater and 40 restaura | Patrika News
अमरीका

लहरों पर 20 डेक… सात स्वीमिंग पूल, थिएटर और 40 रेस्तरां

एक और टाइटैनिक : दुनिया के सबसे बड़े क्रूज जहाज ‘आइकॉन ऑफ द सीज’ का सफर शुरू

नई दिल्लीJan 29, 2024 / 12:11 am

ANUJ SHARMA

लहरों पर 20 डेक... सात स्वीमिंग पूल, थिएटर और 40 रेस्तरां

लहरों पर 20 डेक… सात स्वीमिंग पूल, थिएटर और 40 रेस्तरां

मियामी. दुनिया के सबसे बड़े क्रूज जहाज ‘आइकॉन ऑफ द सीज’ का पहला सफर शुरू हो गया है। यह दक्षिण फ्लोरिडा के मियामी बंदरगाह से उष्ण कटिबंधीय क्षेत्र के रास्ते सात दिन की द्वीप-यात्रा पर रवाना हुआ। रॉयल कैरेबियन समूह के इस जहाज की तुलना लोग आइकॉनिक जहाज टाइटैनिक से कर रहे हैं।
‘आइकॉन ऑफ द सीज’ कितना विशाल है, इसका अंदाज इससे लगाया जा सकता है कि यह 365 मीटर (1,197 फीट) लंबा है। इसमें 20 डेक हैं, जिन्हें आठ हिस्सों में बांटा गया है। जहाज में छह वॉटरस्लाइड, सात स्विमिंग पूल, एक आइस-स्केटिंग रिंक, एक थिएटर और 40 से ज्यादा रेस्तरां-बार शामिल हैं। सेंट्रल पार्क नाम का छोटा बगीचा भी है, जिसमें पेड़-पौधे लगाए गए हैं। जहाज में चालक दल के 2,350 सदस्यों के साथ 7,600 यात्री सफर कर सकते हैं। हाल ही दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी की मौजूदगी में जहाज का नामकरण किया गया था।
एलएनजी के इस्तेमाल पर जताई आशंका

‘आइकॉन ऑफ द सीज’ तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) से चलेगा। इसको लेकर पर्यावरणवादी जहाज का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि एलएनजी के कारण यह समुद्र में भारी मात्रा में मिथेन गैस उत्सर्जित करेगा। रॉयल कैरेबियन समूह के प्रवक्ता ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि इंटरनेशनल मैरीटाइम स्टैंडर्ड के हिसाब से यह 24 फीसदी कम गैस उत्सर्जित करता है।
2022 में हुआ था अनावरण

रॉयल कैरेबियन समूह के अध्यक्ष और सीईओ जेसन लिबर्टी का कहना है कि ‘आइकॉन ऑफ द सीज’ 50 साल से देखे जा रहे सपने की सुखद परिणति है। अक्टूबर 2022 में पहली बार जहाज का अनावरण किया गया था। तभी से इसमें सवारी के लिए उत्साहित लोगों ने बुकिंग कराना शुरू कर दिया था।

Home / world / America / लहरों पर 20 डेक… सात स्वीमिंग पूल, थिएटर और 40 रेस्तरां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो