bell-icon-header
अलवर

विधायक संजय शर्मा ने कहा सरिस्का अभयारण्य में 5 नहीं, ज्यादा होटल

अलवर. शहर विधायक संजय शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में सरिस्का अभयारण्य में संचालित होटल, रिसोर्ट का मुद्दा उठाया।

अलवरMar 13, 2020 / 10:51 pm

Prem Pathak

विधायक संजय शर्मा ने कहा सरिस्का अभयारण्य में 5 नहीं, ज्यादा होटल

अलवर. शहर विधायक संजय शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में सरिस्का अभयारण्य में संचालित होटल, रिसोर्ट का मुद्दा उठाया।
शहर विधायक शर्मा ने वन राज्य मंत्री से सरिस्का अभयारण्य क्षेत्र में चल रहे निजी रिसोर्ट व होटलों को लेकर सवाल किया कि किस प्रक्रिया के तहत इनका संचालन किया जा रहा है। वहीं ये होटल व निजी रिसोर्ट कहां-कहां संचालित है, इन होटलों व रिसोर्ट का विभाग के नियमों के अंतर्गत निर्माण किया गया है या नहीं आदि जानकारी मांगी। इस पर वन राज्य मंत्री ने माना कि सरिस्का अभयारण्य के भीतर वाणिज्यिक पर्यटक लॉज, होटल संचालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभयारण्य क्षेत्र में निर्माण राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की पूर्व अनुमति के बाद ही किया जा सकता है।
वन राज्य मंत्री ने कहा कि सरिस्का अभयारण में सरिस्का पैलेस, टाइगर डेन, होटल टाइगर हैवन, बैरावास स्थित होटल व सरिस्का ढाणी होटल का संचालन हो रहा है। इसमें सरिस्का पैलेस स्टेट समय से संचालित है, जिसके बेचान की कार्रवाई को निरस्त कराने की प्रक्रिया चल रही है। टाइगर डेन आरटीडीसी की ओर से संचालित किया जा रहा है, टाइगर हैवन का मामला न्यायालय में लंबित है, होटल बैरावास के संचालक के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। सरिस्का ढाणी का संचालन बंद है। वहीं सरिस्का टाइगर रिजर्व कोर में होटल अमन बाग का मामला अजमेर न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि ये सभी होटल 1 अप्रेल 2003 से पहले बनी हैं। इसके बाद कोई होटल नहीं बनी।
विधायक मंत्री के उत्तर से संतुष्ट नहीं

विधायक शर्मा ने कहा कि मंत्री के उत्तर में बताए गए होटलों से ज्यादा निजी रिसोर्ट व होटल सरिस्का अभयारण्य क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी चाही कि नियम के विपरीत निर्माण के लिए दोषी वन अधिकारियों के खिलाफ सरकार उचित कार्रवाई करने की मंशा रखती है, इस पर मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया। साथ ही उन्होंने वन राज्य मंत्री से पूछा कि सरकार गुजरात की तर्ज पर गेस्ट हाउस या होली डे होम बनाने की अनुमति देने की मंशा रखती है। साथ ही सरिस्का में पाण्डुपोल हनुमान मंदिर में मंगलवार व शनिवार को निशुल्क वाहन जाने की अनुमति देने की मंशा रखती है। इन सवालों पर वन मंत्री चुप्पी साध गए। इन सवालों पर मंत्री ने सिर्फ इतना कहा कि सरिस्का क्षेत्र में राजस्व भूमि, टाइगर रिजर्व में भर्तृहरि धाम, भर्तृहरि तिराहा, कुशलगढ़ तिराहा, तालवृक्ष, नारायणी माता का धाम आदि पर करीब 300 छोटी दुकानें, ढाबे, टीन शेड, खोखे बने हैं। इनसे लोग रोजगार पा रहे हैं, वहीं गुजरात की तर्ज पर यहां कोई विचार नहीं है।

Hindi News / Alwar / विधायक संजय शर्मा ने कहा सरिस्का अभयारण्य में 5 नहीं, ज्यादा होटल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.