scriptदिवाली के दिन चुपचाप किया जा रहा था 35 साल की महिला का अंतिम संस्कार, जलती चिता से शव ले गए घरवाले | woman murdered at Diwali night Police took away burning dead body from pyre in Pratapgarh | Patrika News
प्रयागराज

दिवाली के दिन चुपचाप किया जा रहा था 35 साल की महिला का अंतिम संस्कार, जलती चिता से शव ले गए घरवाले

Diwali Night Murder: यूपी के प्रतापगढ़ जिले में एक 35 साल की महिला का चुपचाप अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इसी बीच महिला के घरवाले पहुंच गए और जलती चिता से अधजला शव लेकर पुलिस के पास पहुंच गए। आइए जानते हैं पूरा मामला…

प्रयागराजNov 13, 2023 / 09:22 pm

Vishnu Bajpai

pratapgarh_news.jpg
Woman Murder in Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में दिवाली की रात एक 35 साल की महिला का उसके ससुराल वाले गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार करने पहुंचे थे। नदी किनारे उसकी चिता भी जला दी गई। इसी दौरान महिला के मायके वाले मौके पर पहुंच गए। उनके साथ पुलिस भी पहुंची थी। महिला के मायके वालों के साथ पुलिस देखकर ससुराल वाले मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद पुलिस ने जलती चिता से अधजला शव निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर महिला के मायके वाले जौनपुर चले गए।
महिला के भाई जौनपुर जिले के रामनगर महाराजगंज निवासी धर्मेंद्र कुमार गौतम ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन सीता की शादी 15 साल पहले प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा के किलाई बाजार निवासी कृष्‍ण कुमार के साथ की थी। दिवाली के दिन यानी रविवार को उसे गांव वालों से सूचना मिली कि सीता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है और ससुराल वाले गोमती नदी किनारे उसका अंतिम संस्कार करने जा रहे हैं। इसके बाद वो लोग आसपुर देवसरा पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सीता के भाई धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसकी बहन की हत्या की है। उसने बताया कि शादी के बाद से ही ये लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। आसपुर देवसरा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र की तहरीर पर आरोपी ससुराल वालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें पति कृष्‍ण कुमार, ससुर बृजलाल समेत अंकुर, नंदलाल और संजय को नामजद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।

मृतका के भाई धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि 35 साल की बहन सीता की मौत के बाद ससुराल वालों ने उन्हें सूचना तक नहीं दी। गांव वालों ने फोन कर इसकी जानकारी दी। गांव वालों ने बताया कि मृतका का गुपचुप तरीके से गोमती नदी किनारे अंतिम संस्कार करने की तैयारी है। इसपर वह आसपुर देवसरा पहुंचा। जहां गांव वालों ने बताया कि शव लेकर परिजन महमूदपुर के पास गोमती नदी के घाट पर शव जलाने के लिए गए हैं। इसपर उसने पहले आसपुर देवसरा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और पुलिस के साथ घाट पर पहुंच गया। मृतका के भाई और पुलिस को देखकर ससुराल पक्ष के लोग जलता शव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Hindi News/ Prayagraj / दिवाली के दिन चुपचाप किया जा रहा था 35 साल की महिला का अंतिम संस्कार, जलती चिता से शव ले गए घरवाले

ट्रेंडिंग वीडियो