bell-icon-header
आगरा

प्यार का खौफनाक अंजाम: पति ने पत्नी और मासूम बेटे की हत्या कर शव नहर में फेंका

तीन साल पहले प्रेम विवाह करने के बाद पति ने अपने मासूम बच्चे और पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि पत्नी उसके साथ घर में रहने की जिद कर रही थी, जबकि वह दूसरी शादी कर चुका था।

आगराApr 03, 2024 / 08:02 am

Krishna Rai

यूपी के अगरा में सिकंदरा थाना अरसैना के ओमेंद्र उर्फ आशिक की शादी तीन साल पहले बिहार के किशनगंज में रहने वाली मुन्नी देवी के साथ हुई थी। पति पत्नी में छह महीने से विवाद चल रहा था। दोनों में अनबन बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। कुछ दिन पहले पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। सोमवार शाम को मुन्नी अपने बेटे के साथ टूंडला स्टेशन पर उतरी और उसके बाद गायब हो गई। मुन्नी की बड़ी बहन समीरन ने उसे फोन किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। समीरन ने मंगलवार सुबह घटना की जानकारी सिकंदरा थाने में जाकर दी। सिकंदरा पुलिस ने बताए गए स्थान से आशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आशिक ने बताया कि उसने पत्नी मुन्नी और बेटे को मार दिया है। जिसके बाद फतेहपुरसीकरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रेम होने के बाद दोनों ने की थी शादी
बतादें बिहार के किशनगंज की रहने वाली मुन्नी उर्फ जुमातन तीन साल पहले ईंट मंडी में मजदूरी करती थी। वहां उसकी मुलाकात सिकंदरा के अरसैना में रहने वाले ओमेंद्र उर्फ आशिक से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद उन्होंने शादी कर ली। कुछ दिन बाद दोनों में झगड़ा होने लगा। एक साल पहले से मुन्नी अपने मायके में रह रही थी। मुन्नी को जानकारी हुई थी कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। उसने पति से फोन पर बात की और पति ने उसे मिलने के लिए आगरा में बुलाया। मुन्नी सोमवार को ट्रेन से टूंडला रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। ओमेंद्र वहां उसे लेने पहुंचा था। इसके बाद से ही मुन्नी का मोबाइल बंद हो गया।
सिकंदरा क्षेत्र में रहने वाली मुन्नी की बहन समीरन ने उसको फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ था। ऐसे में उसने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ओमेंद्र की तलाश में जुट गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे खोजा। पहले तो वह यह बताने लगा कि उसकी मुन्नी से मुलाकात ही नहीं हुई। उसे नहीं पता कि वह आगरा आई है। पुलिस ने सख्ती की तो उसने हकीकत बताना शुरू किया। जिसे सुनकर पुलिस के होश उड़ गए। ओमेंद्र ने पुलिस को बताया कि मुन्नी से उसने दिखावे के लिए शादी की थी। मुन्नी के बिहार जाने के बाद उसने दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी उसके साथ गांव में रहती है।
बेटे की तलाश में जुटी पुलिस

ओमेंद्र ने पुलिस को बताया कि मुन्नी टूंडला पर उतरी जहां आशीष उसे लेने पहुंचा। वहां से वो उसे लेकर रामबाग पहुंचा। रामबाग से अछनेरा पहुंचा। अछनेरा से फतेहपुर सीकरी पहुंचा। जहां से भरतपुर जाना था। फतेहपुर सीकरी से भरतपुर के रास्ते में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस झगड़े में बेटा मुन्नी के हाथ से गिर गया। आशीष ने बड़ी नहर के पास मुन्नी का भी गला दबा दिया और शव को नहर में फेंक दिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया के अनुसार आशिक उर्फ ओमेंद्र लोधी अपनी पत्नी को टूंडला स्टेशन से गाड़ी में बैठाकर भरतपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में कहा सुनी एवं मारपीट होने पर पत्नी की हत्या कर दी। शव को नहर में डाल दिया। लापता डेढ़ वर्षीय पुत्र के लिए पूछताछ और तलाश की जा रही है।
आगरा से प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट

Hindi News / Agra / प्यार का खौफनाक अंजाम: पति ने पत्नी और मासूम बेटे की हत्या कर शव नहर में फेंका

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.