bell-icon-header
आगरा

आगरा नगर निगम का 37 साल बाद होगा सीमा विस्तार, गांवों में होंगी शहर जैसी सुविधाएं

— नए क्षेत्र के विकास के लिए 123.68 करोड़ रुपए किए जाएंगे खर्च, औद्योगिक क्षेत्र सहित दस गांव होेंगे शामिल।

आगराDec 27, 2020 / 02:22 pm

arun rawat

Agra Nagar Nigam

आगरा। आगरा नगर निगम का सीमा विस्तार 37 साल बाद होने जा रहा है। नगर निगम, विकास प्राधिकरण ने इसी तैयारी कर ली है। अब नगर निगम में शामिल होने वाले गांवों में भी शहर जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सीमा में शामिल होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर है। नए क्षेत्र के विकास के लिए 123.68 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।
खसरा संख्या से होगी पहचान
नगर निगम की सीमा में हो रहे विस्तार को लेकर कुछ और भी बदलाव किए गए हैं। नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे के मुताबिक नगर निगम की सीमा विस्तार का काम शुरू हो गया है। 16 किमी क्षेत्र की सीमा की पहचान अब खसरा नंबर से होगी। यह पहला मौका है जब निगम प्रशासन इसका प्रयोग करेगा। इससे निगम की सीमा की पहचान में आसानी रहेगी। वहीं नए क्षेत्र के विकास पर 123.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कैबिनेट से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। निगम की सीमा में उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण, सिकंदरा क्षेत्र सहित दस गांव शामिल होंगे।
नगर निगम सीमा में हैं 12.5 लाख वोटर
आगरा नगर निगम के सौ वार्ड में पांच हजार मुहल्ले हैं। कुल साढ़े 12 लाख वोटर हैं। सीमा विस्तार से 1612 हेक्टेयर की बढ़ोतरी होगी। नगर निगम का क्षेत्रफल 14100 हेक्टेयर है। अब बढ़कर 15712 हेक्टेयर हो जाएगा। नए क्षेत्र कुल क्षेत्रफल का 11.43 फीसद है। नए गांव शामिल होने से नगर निगम के हाउस टैक्स में बढ़ोतरी होगी। वर्तमान में 55 करोड़ रुपये सालाना टैक्स की वसूली का लक्ष्य है।
यह गांव हो रहे शामिल
बाबरपुर मुस्तकिल, कलाल खेडिय़ा, चमरौली, नगला अलबतिया, दहतोरा आंशिक, शास्त्रीपुरम योजना में लखनपुर आंशिक, बाईंपुर मुस्तकिल आंशिक, सुनारी आंशिक, मोहम्मदपुर आंशिक, अवधपुरी कालोनी आंशिक, कलवारी आंशिक, औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा, अरतौनी गांव शामिल हो रहे हैं।

Hindi News / Agra / आगरा नगर निगम का 37 साल बाद होगा सीमा विस्तार, गांवों में होंगी शहर जैसी सुविधाएं

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.