नई दिल्ली. पेप्सिको ने लिमिटेड ओवर फॉर्मेट के भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपना 11 साल पुराना नाता तोड़ लिया। टेस्ट कप्तान विराट कोहली अब कंपनी की नई पसंद बन गए हैं। 2005 से पेप्सिको से जुड़े धोनी पेप्सी कोला और लेस चिप्स दोनों का चेहरा थे। उन्होंने ‘ओह येस अभी’ और ‘चेंज द गेम’ जैसे कंपनी के सबसे चर्चित कैंपेन किए थे।
ऐसे फिर रहे धोनी के दिन
– 2014 तक धोनी पेप्सी, रीबॉक, बूस्ट, डाबर, सोनी, टीवीएस मोटर्स, वीडियोकॉन, ओरियंट फैंस, बिग बाजार समेत 18 ब्रांड्स के एंबैसडर थे और सभी के लिए 10-12 करोड़ रुपए चार्ज करते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर 10 ब्रांड्स पर सीमित हो गई है।
– 2016 में आई फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक धोनी को एंडोर्समेंट्स से 2.7 करोड़ डॉलर कमाई के साथ दुनिया के सबसे ज्यादा कमाने वाले एथलीट्स की लिस्ट में शुमार किया था।
– 2014 में फोर्ब्स ने उन्हें 2 करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन के साथ दुनिया का पांचवां सबसे वैल्यूएबल स्पोर्ट्स पर्सन बताया था।
– अप्रैल 2016 में धोनी ने ग्राहकों की शिकायत के बाद एक नाटकीय घटनाक्रम में रियल्टी फर्म आम्रपाली का साथ भी छोड़ दिया था।
– पेप्सी के अलावा सोनी टीवी और डाबर ने भी धोनी के साथ बहुत लंबी पारी नहीं खेलने के संकेत दिए हैं।
विराट के नाम हो रहा धोनी का बाजार
माउंटेन ड्यू, सेवनअप, कुरकुरे, स्नैक्स जैसे कई प्रोडक्ट बनाने वाली पेप्सी के ब्रांड एंबैसडर्स में फिलहाल रणबीर कपूर, विराट कोहली और परिणीति चोपड़ा जैसे नाम शामिल हैं। धोनी के इस ग्राफ में गिरावट की बड़ी वजह विराट कोहली के प्रति बढ़ती दीवानगी भी है। एक दिन के लिए जहां धोनी 1.5 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं, वहीं विराट इसके लिए दो करोड़ रुपए वसूलते हैं।
Hindi News / Business / पेप्सिको ने धोनी से तोड़ा 11 साल पुराना नाता, विराट नए ऑईकॉन