scriptसैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, विवादों से रहा है पुराना नाता | Resigned from the post of President of Indian Overseas Congress | Patrika News
राष्ट्रीय

सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, विवादों से रहा है पुराना नाता

Congress: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के बयान पर शुरु हुए विवाद के बाद अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

नई दिल्लीMay 08, 2024 / 07:26 pm

Prashant Tiwari

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष और पार्टी के सीनियर नेता सैम पित्रोदा ने बुधवार देर शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस बात का ऐलान पार्टी के मीडिया प्रभारी और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि श्री सैम पित्रोदा ने अपनी मर्ज़ी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है। बता दें कि सैम पित्रोदा का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने एक अजीबो गरीब बयान देकर पार्टी को असहज कर दिया था।
पूरब के लोग चीनी जैसे दिखते हैं
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के बयान पर विवाद हो गया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि भारत के किस क्षेत्र के लोग कैसे दिखते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत ऐसा विविधतापूर्ण देश है जहां पूरब के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर के लोग गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं।
शहजादे के सलाहकार ने जो कहा उससे मुझे गुस्सा आया

उनके इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने तेलंगाना के वारंगल में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज मैं बहुत गुस्से में हूं। मुझे गाली दी, मैंने सहन कर लिया, लेकिन आज शहजादे (राहुल गांधी) के सलाहकार ने जो कहा उससे मुझे गुस्सा आया। ये मेरे देश के लोगों की चमड़ी के रंग का अपमान कर रहे हैं।
विरासत टैक्स को लेकर भी दिया था बयान

इससे पहले सैम पित्रोदा के विरासत टैक्स को दिए बयान पर विवाद हो गया था। उन्होंने ये बयान राहुल गांधी की उस टिप्पणी के जवाब में दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस सरकार में आई तो एक सर्वे कराया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि किसके पास कितनी संपत्ति है। उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पित्रोदा ने अमेरिका में लगने वाले विरासत टैक्स का जिक्र किया था।
पित्रोदा ने कहा था कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी शख्स के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है। उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को ट्रांसफर हो जाती है जबकि 55 फीसदी संपत्ति पर सरकार का मालिकाना हक हो जाता है।
उन्होंने कहा था कि ये बहुत ही रोचक कानून है। इसके तहत प्रावधान है कि आपने अपने जीवन में खूब संपत्ति बनाई है और आपके जाने के बाद आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। पूरी संपत्ति नहीं बल्कि आधी, जो मुझे सही लगता है। लेकिन भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है। यहां अगर किसी के पास 10 अरब रुपये की संपत्ति है। उसके मरने के बाद उनके बच्चों को सारी की सारी संपत्ति मिल जाती है, जनता के लिए कुछ नहीं बचता। मुझे लगता है कि इस तरह के मुद्दों पर लोगों को चर्चा करनी चाहिए। मुझे नहीं पता कि इस चर्चा का निचोड़ क्या निकलेगा। हम नई नीतियों और नए प्रोग्राम की बात कर रहे हैं, जो लोगों के हित में हो ना कि सिर्फ अमीरों के हित में हो। बता दें कि पित्रोदा के इस बयान पर खूब विवाद हुआ था।
पित्रोदा के बयान से कांग्रेस ने किया किनारा

सैम पित्रोदा के इस बयान पर कांग्रेस ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए खुद को पूरी तरह से अलग कर लिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा है कि सैम पित्रोदा ने एक पॉडकास्ट में भारत की विविधता को दर्शाने के लिए जो तुलना की है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से खुद को पूरी तरह अलग करती है।

Hindi News/ National News / सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, विवादों से रहा है पुराना नाता

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो