scriptबड़ी खबर: एमपी में आंधी-तूफान से तबाही, दो की मौत, 30 से ज्यादा घायल, कलेक्टर पहुंची अस्पताल Video | Storm wreaks havoc in MP 2 dead more than 30 injured | Patrika News
मंडला

बड़ी खबर: एमपी में आंधी-तूफान से तबाही, दो की मौत, 30 से ज्यादा घायल, कलेक्टर पहुंची अस्पताल Video

Storm in MP- मध्य प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज ने कहर बरपा दिया, यहां मंडला में अचानक आए तूफान में 2 की मौत हो गई. 30 से ज्यादा घायल हो गए। घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंची कलेक्टर…पढ़ें पूरी खबर…

मंडलाMay 08, 2024 / 03:45 pm

Sanjana Kumar

Storm in MP

मंडला में आए तूफान से जगह-जगह गिरे पेड़.

Storm In MP- मध्य प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज ने कहर बरपा दिया है। यहां मंडला में देर शाम मौसम अचानक बदल गया। जिले के रामनगर में आए तेज आंधी-तूफान (Storm) में एक भारी भरकम पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से दो महिलाओं की ही मौत हो गई। वहीं 30 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर मिली है।
मंगलवार शाम को हुए इस हादसे में घायल हुए लोगों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल में सभी का इलाज जारी है। हादसे के बाद fजिला कलेक्टर सलोनी सिडानी बुधवार को घायलों से मिलने सीधे अस्पताल पहुंच गईं। घायलों के पास जा जाकर अलग-अलग उनसे मिलीं और उनका दर्द बांटा। वहीं तूफान के बाद शहर की स्थिति का जायजा लिया।

साप्ताहिक बाजार में पेड़ के नीचे बैठे थे दुकानदार

बताया जा रहा है कि मंगलवार को रामनगर में साप्ताहिक बाजार का दिन था। सभी दुकानदार दुकान लगाकर पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। तभी मौसम का मिजाज बदला और तेज आंधी-तूफान आने लगा। तेज आंधी में एक बरसों पुराना पीपल का पेड़ उखड़कर गिर गया। जिससे पेड़ के नीचे बैठे कई दु्कानदार दब गए। साप्ताहिक बाजार में चारों तरफ चीख-पुकार का माहौल था। जानकारी मिलते ही हिरदेय नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में पहले 20 से अधिक लोगों को चोटें आईं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में घायलों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। ऐसे में 10 लोगों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि देर रात एक और महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया।
storm in mp
जिला अस्पताल में उपचाराधीन घायलों का हाल पूछतीं कलेक्टर सलोनी सिडाना।

आज कलेक्टर ने लिया जायजा

कलेक्टर सलोनी सिडाना बुधवार को मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। यहां से कलेक्टर सीधे जिला अस्पताल पहुंची और घायलों से उनका हाल जाना।
जानकारी के मुताबिक मौसम में आज थोड़ा सा बदलाव हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने यहां आज भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं इलाके में अब तक बिजली गुल है। कई इलाकों में पेड़ गिरे हुए हैं। जिनसे रास्तों में यातायात बाधित हो रहा है।

आज यहां अलर्ट रहें लोग

मौसम विभाग के अधिकारियों ने शहडोल, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में ओले और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसके अलावा तेज रफ्तार हवाएं भी चल सकती हैं। मंडला और पांढुर्णा जिलों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। शहडोल, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

Hindi News/ Mandla / बड़ी खबर: एमपी में आंधी-तूफान से तबाही, दो की मौत, 30 से ज्यादा घायल, कलेक्टर पहुंची अस्पताल Video

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो