ट्यूबवेलों पर मनमानी से फुंक रहीं मोटरें
पंप अटेंडर अपने काम को न करने की वजह से नपा के ट्यूबवेलों को मनमाने अंदाज में चला रहे हैं, जिसके चलते आए दिन मोटरें फुंक रही हैं। यदि पंप अटेंडर इन ट्यूबवेलों पर मॉनीटरिंग करें, तो न केवल समय पर सभी लोगों को पानी मिल पाएगा, बल्कि मोटर भी कम फुकेंगी। ट्यूबवेलों पर चल रही मनमानी के चलते जहां लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी ओर मोटर फुंकने से नपा पर भी अतिरिक्त व्यय का बोझ पड़ रहा है। यदि पप अटेंडर नियमित रूप से इन्हें बंद व चालूं करें तो न तो लोगों को परेशानी हो और न ही नपा को नुकसान।
दो साल में भी पूरी नहीं हुई जांच
नपा में हुई पंप अटेंडरों की भर्ती में हुई गड़बड़ी की शिकायत दो साल पूर्व प्रशासन के पास पहुंची तो तत्कालीन एडीएम नीतू माथुर ने उसकी जांच शुरू की। लेकिन उस जांच का क्या परिणाम रहा, वो भी अभी तक सामने नहीं आ पाया। यही वजह है कि नगरपालिका में पंप अटेंडरों की भर्ती का क्रम अभी भी जारी है।